
सरायपाली। प्रेम और स्नेह ऐसी चीजें हैं, जिनसे न केवल मानव बल्कि जीव-जंतु भी एक अनोखे संबंध में बँध जाते हैं। कुछ इसी तरह का नजारा इन दिनों सरायपाली के एक दुकान में देखा जा रहा है, जो सभी लोगों के आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। नगर के हृदय स्थल जय स्तंभ चौक के पास स्थित पंकज मोबाईल में विगत कई वर्षों से प्रतिदिन शाम के समय लगभग 6 बजे नियमित रूप से एक गाय पहुँच जाती है, जिसे दुकान के संचालक अपने हाथों से रोटी गुड़ खिलाते हैं। इसके अलावा भी श्री सलूजा दुकान के बाहर खड़े अन्य गौ-माताओं को भी प्रतिदिन रोटी खिलाकर गौ-सेवा का उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।
दुकान या घर में प्रतिदिन गाय को रोटी खिलाना एक अत्यंत शुभ और भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। इससे न केवल पुण्य मिलता है, बल्कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, घर में सुख-समृद्धि आती है। माना जाता है कि गौसेवा से घर में सुख और ऊर्जा का संचार होता है। यह एक सकारात्मक पहल है जो समाज में जीव-प्रेम और संस्कृति का संदेश देती है। इन्हीं विचारों को आत्मसात करते हुए श्री सलूजा प्रतिदिन गौ-सेवा कर रहे हैं। उनके दुकान के बाहर शाम के समय कई गौ माताएँ आती हैं, जिनके लिए वे रोटियाँ रखते हैं और स्वयं अपने हाथों से उन्हें खिलाते हैं। पूरे नगर में श्री सलूृजा की गौ-सेवा चर्चा का विषय बना हुआ है।





