
महासमुन्द। शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने यातायात प्रभारी एडीशनल एसपी प्रतिभा पाण्डेय से मुलाकात की। बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर अचानक और व्यापक स्तर पर ई-चालान की कार्रवाई से महासमुंद की जनता के बीच काफी हैरानी तथा नाराजगी देखी जा रही है। महासमुंद में आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) कैमरों के माध्यम से पहले ही दिन 73 ई-चालान जारी किए गए, जिससे जनता हैरान है। कई मामलों में कार मालिकों को हेलमेट न पहनने के लिए ई-चालान प्राप्त हुए हैं तो किसी को सप्ताह भर पुरानी फूटेज के आधार पर चालान किया गया जिसे पुलिस ने ‘मानवीय भूल’ या तकनीकी खराबी बताया है। गलत चालान कटने पर उसे ठीक करवाने के लिए नागरिकों को आरटीओ कार्यालय तथा पुलिस विभाग के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, जिससे समय और पैसे की बर्बादी हो रही है। जनता में व्याप्त आक्रोश को देखते हुए आज शहर कांग्रेस कमेटी महासमुंद के अध्यक्ष गुरमीत चावला के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने यातायात प्रभारी एडीशनल एसपी प्रतिभा पाण्डेय से मुलाकात कर इस विषय पर गंभीरता से विचार रखे तथा शहरी क्षेत्र मे हेलमेट की अनिवार्यता को समाप्त करने की मांग की है। प्रतिनिधि मंडल ने मांग रखी कि शहरी सीमा क्षेत्र के भीतर हेलमेट की अनिवार्यता न हो, ताकि स्थानीय लोगों को छोटी दूरियों के लिए बार-बार हेलमेट पहनने की असुविधा से राहत मिल सके। कांग्रेस नेताओं का तर्क है कि शहर के अंदर वाहनों की गति कम होती है, इसलिए यहाँ हेलमेट की वैसी आवश्यकता नहीं है जैसी नेशनल हाईवे या बाहरी सड़कों पर होती है। एडिशनल एसपी प्रतिभा पाण्डेय ने प्रतिनिधि मंडल की बातों को गंभीरता से सुना और इस विषय पर नियमानुसार विचार करने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर प्रतिनिधि मंडल में निर्मल जैन: कोषाध्यक्ष, जिला कांग्रेस खिलावन बघेल: शहर मंडल अध्यक्ष मुस्ताक खान विक्की: पार्षद प्रदीप चंद्राकर: प्रदेश सचिव, ओबीसी कांग्रेस जावेद चौहान: पूर्व एल्डरमैन राजू साहू: पूर्व पार्षद अन्य उपस्थित थे।




