
महासमुंद। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय ठाकुर का महासमुंद आगमन हुआ। इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसमें जिले भर से आए शिक्षक पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, शिक्षकों की समस्याओं तथा संगठन के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजय ठाकुर ने कहा कि छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ शिक्षकों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई को सदैव मजबूती से उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है, इसलिए शिक्षकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से संगठन के प्रति निष्ठा और सक्रियता बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि जब संगठन मजबूत होगा तभी शिक्षकों की आवाज शासन और प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंच पाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष श्री ठाकुर ने आगे कहा कि आज के समय में शिक्षा के क्षेत्र में कई नई चुनौतियां सामने आ रही हैं। ऐसे समय में शिक्षक संघ को और अधिक संगठित होकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ शिक्षकों की लंबित मांगों, पदोन्नति, वेतन विसंगति, सेवा संबंधी समस्याओं तथा शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने जिले के पदाधिकारियों की सक्रियता की सराहना करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यकारी प्रांताध्यक्ष उमेश गिरी गोस्वामी ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन की मजबूती ही शिक्षकों की ताकत है। उन्होंने कहा कि शिक्षक संघ हमेशा शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए संघर्षरत रहा है और आगे भी पूरी मजबूती से शिक्षकों की आवाज को उठाता रहेगा।
उप प्रांताध्यक्ष टेकराम सेन ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान के लिए संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाएं ताकि शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जिलाध्यक्ष अनिल पटेल ने जिले में संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि महासमुंद जिला शिक्षक संघ लगातार शिक्षकों के हित में कार्य कर रहा है और आने वाले समय में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार के तहत महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं। भागवत जगत को छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ का जिला संगठन मंत्री तथा किशोर रथ को सरायपाली ब्लॉक अध्यक्ष घोषित किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों का सभी ने स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और संगठन के प्रति समर्पित होकर कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।
बैठक में जिले के अनेक शिक्षक एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने संगठन की मजबूती तथा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का संचालन सचिव जयराम पटेल ने किया




