
सारंगढ़–बिलाईगढ़। जिले से आज बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसमें एक स्विफ्ट कार उफनते नाले में बह गई। कार में सवार तीन लोगों ने साहस दिखाते हुए पानी में कूदकर अपनी जान तो बचा ली, लेकिन यह घटना पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का विषय बन गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बीती रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जिले का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। ग्रामीण इलाकों के नाले और नदियां उफान पर हैं। बरमकेला के विक्रमपाली गांव के पास स्थित किकारी नाले में पानी का बहाव बेहद तेज था। इसी बीच बुधवार सुबह उड़ीसा नंबर की एक स्विफ्ट कार वहां पहुंची और पुल के ऊपर से बहते पानी को पार करने की कोशिश की।
पानी के तेज बहाव में कार बेकाबू स्थानीय लोगों के मुताबिक, कार चालक ने चेतावनी और खतरे को नजरअंदाज कर पुल पर चढ़ी तेज धार को पार करने की कोशिश की। अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नाले की तेज धारा में बहने लगी। कुछ ही सेकंड में कार पूरी तरह पानी के बहाव में फंस गई और तेज धार उसे नीचे की ओर ले जाने लगी। कार में तीन लोग सवार थे। जैसे ही उन्हें लगा कि कार पूरी तरह पानी में समा जाएगी, उन्होंने तत्काल पानी में कूदकर अपनी जान बचाने का फैसला किया। गनीमत रही कि तीनों तैरकर सुरक्षित किनारे तक पहुंचने में सफल हो गए। ग्रामीणों ने भी मदद का प्रयास किया और उन्हें बाहर आने में सहयोग दिया। मौके पर मौजूद लोग इस हादसे को देखकर सन्न रह गए।

प्रशासन ने दी चेतावनी जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन पहले ही लोगों से सावधानी बरतने और उफनते नालों-पुलों को पार न करने की अपील कर चुका है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि ऐसे हालात में जरा सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। बावजूद इसके कई लोग चेतावनी को नजरअंदाज कर खतरनाक कदम उठाने से बाज नहीं आ रहे। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि अगर कार सवार कुछ पल और कार में बैठे रहते तो उनकी जान जाना तय थी। लोगों ने कहा कि प्रशासन लगातार चेतावनी दे रहा है, लेकिन कुछ लोग जोखिम उठाकर अपनी और दूसरों की जिंदगी को खतरे में डाल रहे हैं।




