
सरायपाली/बसना। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, हादसे में बाइक चालक और पीछे बैठे एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी अनुसार हादसा बेहद भयावह था और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही गोरटेक सहित आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई। सड़क किनारे ट्रैक्टर खड़ा किए जाने को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने दुर्घटना के लिए ट्रैक्टर मालिक को जिम्मेदार ठहराते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर चक्का जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक हाईवे बंद रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना पर बसना पुलिस मौके पर पहुंची तथा सरायपाली व बसना से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। काफी समझाइश के बाद जाम खुलवाकर यातायात सामान्य कराया गया।
इधर, कनकेबा निवासी ट्रैक्टर मालिक अक्षय पटेल ने बताया कि 19 फरवरी की रात बाजार पड़ाव कनकेरा क्षेत्र से उनका ट्रैक्टर चोरी हो गया था। खेत में काम के बाद उन्होंने ट्रैक्टर वहीं खड़ा किया था ताकि अगले दिन फिर काम कर सकें, लेकिन सुबह ट्रैक्टर गायब मिला। रिपोर्ट दर्ज कराने जब वे थाने पहुंचे तो पता चला कि तिवारी ढाबा के पास उनका ट्रैक्टर लावारिस हालत में खड़ा है।
आशंका है कि चोर डीजल खत्म होने पर ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गए।
कई घंटे तक मुख्य सड़क पर खड़े इसी ट्रैक्टर के कारण यह दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार गोरटेक निवासी रूपेश नाग (30) और उनके रिश्तेदार परमानंद भोई (67) लिमगांव में रिश्तेदारी के विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक क्रमांक CG-04 NH-3929 से लौट रहे थे। समेलिया नाला पार करने के बाद उनकी बाइक ट्रैक्टर के रोटावेटर से टकरा गई। दोनों सड़क पर गिर पड़े और पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
बताया जा रहा है कि तिवारी ढाबा के पास सड़क पर बिना संकेतक खड़ा ट्रैक्टर अंधेरे में दिखाई नहीं दिया। कम रोशनी होने के कारण बाइक चालक उसे देख नहीं सका और यह हादसा हो गया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच जारी है।




