
सरायपाली। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) महासमुंद की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा विगत दिनों की गई, जिसमें भाजपा संगठन ने अपनी सक्रियता और निष्ठा के लिए पहचाने जाने वाले सरायपाली के युवा नेता प्रखर अग्रवाल को जिला महामंत्री नियुक्त किया गया, जबकि भाजयुमो जिलाध्यक्ष की कमान अमन वर्मा को सौंपी गईं है। उन्हें यह जिम्मेदारी मिलने के बाद से सरायपाली सहित पूरे महासमुंद जिले के भाजपा खेमे में हर्ष का माहौल है।
प्रखर शुरू से ही भाजपा की रीति-नीति और राष्ट्रवादी विचारधारा का अनुसरण कर रहे हैं। संगठन के प्रति उनकी अटूट निष्ठा ही है कि उन्हें आज जिले के महत्वपूर्ण पदों में से एक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी संगठन क्षमता का सबसे बड़ा प्रमाण पूर्व में चलाए गए भाजपा के सदस्यता अभियान के दौरान देखने को मिला था, जिसमें उन्होंने जमीनी स्तर पर मेहनत करते हुए रिकॉर्ड 12,000 लोगों को आॅनलाइन सदस्यता दिलाई थी। उनकी इस असाधारण उपलब्धि के लिए उन्हें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री द्वारा विशेष रूप से सम्मानित भी किया जा चुका है। अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए प्रखर ने कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और साथी कार्यकर्ताओं के निस्वार्थ सहयोग को दिया है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि वे महासमुंद जिले में भाजयुमो को और अधिक सशक्त बनाने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का प्रयास करेंगे।




