
बसना। ब्लॉक के शासकीय प्राथमिक शाला करनापाली में निलेन्द्र ऑटो केयर के प्रोप्राइटर निलेन्द्र पटेल ने बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए ढेर सारी कॉपियां एवं पेन बांटे। यह कार्यक्रम पिछले शिक्षण सत्र 2025-26 में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में आयोजित किया गया।संस्था प्रमुख गिरधारी साहू ने पिछले सत्र में विद्यालय में हुई गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि ये सभी उपलब्धियां शिक्षक, छात्र और समुदाय के मिले-जुले प्रयास से ही संभव हो पाईं। शिक्षक वीरेंद्र कुमार कर ने बताया कि बीते सत्र में कब-बुलबुल की टीम ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम बिलासपुर में विभिन्न गतिविधियों में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रजत जयंती कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के समक्ष बच्चों ने गणित का प्रदर्शन किया। जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में शामिल होकर स्कूल के बच्चों ने पूरे जिले में प्रथम एवं बारहवां स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा प्रवेश उत्सव 2026-27 हेतु “चल संगी स्कूल जाबो जी” एलबम की भी चर्चा की गई। बच्चों को संबोधित करते हुए निलेन्द्र पटेल ने नए शिक्षण सत्र की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आप सभी बहुत भाग्यशाली हैं कि आपको अच्छी शिक्षा-दीक्षा मिल रही है। उन्होंने बच्चों से नियमित विद्यालय आने का आग्रह किया। शिक्षिका निर्मला नायक ने भी विद्यालय की सम्पूर्ण गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उक्त जानकारी विद्यालय के मीडिया प्रभारी वीरेंद्र कुमार कर ने दी।




