
पतेरापाली में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु विधायक निधि से 5 लाख रुपए देने की बड़ी घोषणा
सरायपाली। विधानसभा क्षेत्र के सुदूर, अंतिम छोर पर बसे गांवों में विकास कार्यों की गति लगातार तेज होती जा रही है। क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन और मूलभूत सुविधाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से विधायक चातुरी नंद ने शुक्रवार को ग्राम पड़कीपाली, बम्हनीद्वार और पतेरापाली में सीसी रोड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।

सुदूर वनांचल पहुंचने पर ग्रामीणों ने बाजे गाजे के साथ विधायक चातुरी नंद का स्वागत किया।
स्वागत पश्चात विधायक चातुरी नंद ने सरपंचों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की उपस्थिति में पूजा अर्चना कर भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर विधायक चातुरी नंद ने कहा कि “विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही हमारी सोच और प्रतिबद्धता है। सड़क, बिजली, पानी और रोशनी जैसी मूलभूत सुविधाएं किसी भी गांव के समग्र विकास की नींव होती हैं। क्षेत्र के हर गांव में योजनाबद्ध तरीके से इन सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि जिन गांवों में अब तक सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं पहुंच पाई थीं, उन्हें प्राथमिकता सूची में लेकर तेजी से कार्य कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पतेरापाली के सरपंच प्रभात पटेल और ग्रामीणों की मांग पर विधायक चातुरी नंद ने सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 5 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान करने की बड़ी घोषणा की। इसी तरह ग्राम पड़कीपाली, बम्हनीद्वार में भी सीसी रोड सामुदायिक भवन निर्माण की स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित हुए और निर्माण कार्यों को विकास का महत्वपूर्ण कदम बताया। ग्रामीणों ने कहा कि बरसात के दिनों में रास्तों की जर्जर स्थिति के कारण आने-जाने में गंभीर समस्याएं सामने आती थीं, जिससे बच्चों की पढ़ाई, किसानों की आवाजाही और दैनिक कार्यों पर प्रभाव पड़ता था। सीसी रोड निर्माण से अब इन समस्याओं से स्थायी राहत मिलेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पतेरापाली के सरपंच श्री प्रभात पटेल, ग्राम पंचायत मल्दामाल के सरपंच प्रतिनिधि श्री वृंदावन पटेल, ग्राम पंचायत सिंघोड़ा के सरपंच प्रतिनिधि तन्मय पंडा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोरंजन भोई, वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री दिलकिशोर प्रधान सहित कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
उपस्थित ग्रामीणों ने विधायक नंद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल और रोशनी के कार्यों की निरंतरता से गांवों का स्वरूप बदल रहा है।
विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और समय सीमा के भीतर इन्हें पूरा कराया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के विकास को लेकर आने वाले समय में भी कई महत्वपूर्ण कार्यों को शुरू करने की जानकारी दी।
विदित हो कि सरायपाली विधायक चातुरी नंद की अनुशंसा पर ग्राम पडकीपाली, बम्हनीद्वार और पतेरापाली में सीसी रोड निर्माण हेतु 5- 5 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। इसी तरह विधायक के प्रयासों से सुदूर वनांचल क्षेत्रों के गांवों में तेजी से मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।




